Wednesday, June 30, 2021

हम तुम

हम तुम बैठे पास कभी 

तो बातें करें जमाने की 

काहे फूलों संग बनाई 

रुत पत्ते गिर जाने की 

काहे मन को किया बावला 

माया खेल रचाने की

दुर्योधन बन गया जमाना 

आशंका लज्जा जाने की 

अत्याचार सहन ना होवे 

क्यों जिद सहन कराने की

राजनीति चौसर बन बैठी

नीयत कुर्सी पाने की 

ओ सृष्टि के पालनहार

बता तिथि अब आने की



Wednesday, June 23, 2021

शिव पंचाक्षर स्त्रोत

     नागेन्द्रहाराय त्रिलोचनाय भस्माङ्गरागाय                   महेश्वराय नित्याय शुद्धाय दिगम्बराय              तस्मै नकाराय नमः शिवाय

मन्दाकिनी सलिल चन्दनचर्चिताय नन्दीश्वर प्रमथनाथ महेश्वराय । मन्दारपुष्प बहुपुष्प सुपूजिताय तस्मै मकाराय नमः शिवाय

      शिवाय गौरीवदनाब्जबृंदा सूर्याय दक्षाध्वर                नाशकाय । श्रीनीलकण्ठाय वृषध्वजाय          तस्मै शिकाराय नमः शिवाय

वशिष्ठ कुम्भोद्भव गौतमार्य मुनीन्द्र देवार्चिता शेखराय ।चन्द्रार्कवैश्वानरलोचनाय
तस्मै वकाराय नमः शिवाय

यज्ञस्वरूपाय जटाधराय पिनाकहस्ताय सनातनाय दिव्याय देवाय दिगम्बराय
तस्मै यकाराय नमः शिवाय

पञ्चाक्षरमिदं पुण्यं यः पठेच्छिवसंनिधौ ।
शिवलोकमावाप्नोति शिवेन सह मोदते

Sunday, June 20, 2021

पिता का प्यार

पहली बार पिता की उंगली 

            थाम ठुमक दो कदम चला 

आनंद विभोर हुए थे वे भी

               मैं भी गदगद खूब चला 

जब भी मचला मुझे मनाने 

           नया खिलौना हाथ थमाया 

पीठ थपक कर होले होले 

             दुनियादारी को समझाया 

आसमान की लाली जैसा 

            फूलों की कोई डाली जैसा 

खेतों की हरियाली जैसा 

          प्यार पिता का है कुछ वैसा 

शबनम की बूंदों सा शीतल 

            मोर पंख के जैसा कोमल 

दूध फैन के जैसा उज्जवल 

          ऐसा प्यार पिता का निर्मल 

चंदन की खुशबू के जैसा 

        सावन की रिमझिम के जैसा 

देवों के वरदानों जैसा

          प्यार पिता का है कुछ वैसा 

प्यार पिता का इतना पावन 

              जैसे गंगाजल की गगरी 

 उनकी गोद सुरक्षित इतनी 

            जैसे कृष्ण द्वारिका नगरी 

मैं कितना भी बड़ा बनूँ

           जैसा भी जितना अच्छा हूँ

जब पिता सामने होते हैं

           मैं आज भी छोटा बच्चा हूँ

मेरी पुस्तक काव्याजंलि निहारिका में

25 दिसम्बर 2014 में प्रकाशित 

ऐ जिन्दगी

 राह कांटों की चली तू , काहे बता ऐ जिन्दगी

अजनबी मुझको मुझी से, कर गई ऐ जिन्दगी

ओंठ मुस्काए भी न थे कि तूने करवट फेर ली

 नैन हरषाए भी न थे  और, तूने नजरें फेर ली

बैर क्या तकदीर से ? तुझको बता ऐ जिन्दगी

अजनबी मुझको मुझी से, कर गई ऐ जिन्दगी

काजल


 

Wednesday, June 16, 2021

नींद से अनबन

 रात नींद से अनबन हो गई

                   नींद नैन की बैरन हो गई

चुभती रही रात नस नस में

                 याद तुम्हारी नश्तर हो गई

निकल ही जाती सांस हमारी

                प्रीत तुम्हारी बन्धन हो गई

जागे सारे दर्द साथ में

            एक अकेली किस्मत सो गई

रात नींद से अनशन हो गई

                 नींद नैन की बैरन हो गई

 तू घने पेड़ की छाया है

        मैं एक मुसाफिर थका हुआ             

तू चांद माघ की रातों का

       मै दर्द का दरिया रुका हुआ



Sunday, June 13, 2021

प्रेम नदी

तू प्रेम नदी मदमाती सी 
          मैं सागर हूँ  आकर मिल जा
तू ज्योत किसी देवालय की
         मै अमरदीप आकर मिल जा
तू बूँद ओस की पावन सी
मै राग मल्हार बहारों का
तू अनमोल मणि सुन्दर
         मै राजमुकुट आके मिल जा 
तू प्रेम नदी मदमाती सी 
          मै सागर हूं आकर मिल जा
तू धार अलकनन्दा जी की
मै शिखर द्रोण पर्वत का हूँ
मै तरकश स्वयंवरण का हूँ
       जयमाल बनी आकर मिल जा
तू प्रेम नदी मदमाती सी 
         मैं सागर हूँ  आकर मिल जा





Sunday, June 6, 2021

गड्ढे का स्मारक

 एक देश था, देश में सड़कें भी थी और सड़कों पर गड्ढे भी थे , गड्ढे होते ही हैं, हो ही जाते हैं ! वह भी एक साधारण गड्ढा ही था , उसमें पानी भरा था , आते जाते वाहन कीचड़ उछालते और जिनको छींटे लगते, वे वाहन वालों को जी भरकर कोसते ! एक व्यक्ति उस गड्ढे में गिर गया और उठकर कीचड़ झाड़ता हुआ इधर उधर देख रहा था कि अचानक उसने देखा - उस गड्ढे की आकृति उस देश के नक्शे जैसी दिखाई दे रही थी। उस व्यक्ति ने उस गड्ढे का फोटो खींचा और वाट्सअप पर डाल दिया। उस फोटो को देखने वालों के हृदय में अब देशप्रेम की ज्वाला भड़क उठी। जिनको गड्ढों से नफरत थी वे भी देखने चल पडे़ ! कोई इसे प्राकृतिक चमत्कार बता रहा था, कोई शुभ संकेत ! लोंगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिसने सर्वप्रथम गड्ढे का प्रचार किया था वह खुद को उसका मालिक समझ बैठा ? उसने गड्ढे के पास ही एक बड़े पेड़ पर देश का नक्शा टांग दिया और नीचे सिन्दूर लगा पत्थर रख दिया। अब जो भी जाता वो पेड़ के नीचे चढ़ावा जरूर चढ़ाता ! हार-फूल प्रसाद की बिक्री बढ़ गई, भीड़ देख कर खोमचे वाले भी आ गए, चाय पोहे समोसे की दुकान खुल गई ,कई लोगों को रोजगार मिल गया, आते जाते वाहन एक ओर से निकलने लगे, रास्ते में जाम लगने लगा और देखते ही देखते गड्ढा प्रसिद्ध हो गया ।

बात के पंख नहीं होते परन्तु वह पंख वालों से तेज उड़ती है। धीरे धीरे बात ऊपर तक पहुँची। नेताजी ने अपने विश्वस्त (चापलूस) अधिकारी को आदेश दिया - देख कर आओ क्या माजरा है ? अधिकारी सपरिवार सरकारी गाड़ी से निकला और अपनी ससुराल के सब काम निपटाता हुआ गड्ढे के दर्शन कर 3 दिन की यात्रा सानन्द सम्पन्न कर सकुशल लौट आया और अपने आका को विस्तृत जानकारी दी।

गड्ढे के भ्रमजाल में नेताजी को विशाल वोट बैंक और अधिकारी को कमीशन दलाली और घोटाला कर गुजरने की मौका नजर आया ! नेताजी ने गड्ढा यात्रा का कार्यक्रम बनाया, रेडियो टेलीविजन और समाचार पत्रों में गड्ढा यात्रा के विज्ञापन दिए गए, प्रत्येक ग्राम में उसकी सूचना भिजवाई गई, पोस्टर छपवाए गए और यात्रा का उद्देश्य देश की एकता अखंडता व समृद्धि बताया गया। प्रत्येक ग्राम से रैली में जाने हेतु वाहन की व्यवस्था की गई और ग्राम समूहों को भोजन पेकेट बनाने का आदेश दिया गया। नियत तिथि पर सैकड़ों वाहनों की विशाल रैली के रूप में जनसैलाब उमड़ पड़ा। गाँव से लेकर जिला तक के अधिकारी अपना अपना काम छोड़कर नेताजी की अगवानी में सुबह से ही खड़े थे। लोग हैरान परेशान होकर एक दूसरे को देखते और खिसिया कर हँस देते, शायद आज के लिए विधाता ने उनका यही भाग्य रचा था। समय पर पहुँचना तो नेताजी का अपमान था सो वे शाम को पहुँचे। माहौल बोझिल और थकित श्रमित होते हुए भी उत्साहित हुआ ? उत्साहित जनता ने मातृभूमि की जयकार की और नेताजी ने उस जगह गड्ढे का स्मारक बनाने की घोषणा ! स्मारक निर्माण की फाइलें ऊपर से नीचे, नीचे से ऊपर चलती रही, करोड़ों का आवंटन हुआ , टेण्डर हुए और सबके कमीशन तय हुए।घटनाक्रम कब कैसे बदल जायगा ? कोई नहीं जानता ? एक सिरफिरे ने गड्ढा भर दिया। जानकारी मिलते ही फिर नेता और अधिकारियों के दौरे शुरू हो गए, सिरफिरे पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज हुआ। सरकारी खजाने से भारी भरकम फीस वकीलों को दी गई। इस बीच चुनाव की घोषणा हो चुकी थी। सिरफिरा विपक्षी दल में शामिल हो गया और विपक्ष जीत गया। नई सरकार ने मुकदमा वापस ले लिया और मेरी नींद खुल गई ..? .....

लेखक - डाॅ. कमल किशोर वर्मा 

लेखक परिचय -

कवि, लेखक, गीतकार, संगीतकार, चि़त्रकार, ज्योतिषी, हस्तरेखा विशेषज्ञ, सामुद्रिकशास्त्र, वास्तुशास्त्र विशेषज्ञ, आयुर्वेद के ज्ञाता, प्राचीन भारतीय संस्कृति के मर्मज्ञ इतिहासकार

Thursday, June 3, 2021

काश

काश के तुम मेरी होती तो 

जीवन और तरह का होता 

कभी अंधेरी रात ना होती

चांद रोज ही  रोशन होता

काश के तुम मेरी होती तो 

खुशबू भरी हवाएं होती 

प्यार भरी बरसातें होती 

रंगो भरी फिजाएं होती

काश के तुम मेरी होती तो 

पलकें बिजली रोज गिराती 

रात चांद की दुल्हन बनकर

प्रीत भरा कोई गीत सुनाती

ये सपने बस सपने रह गये

ये सब तो तब ही हो पाता

जब कि तुम मेरी ही होती 



  रामचरितमानस बहुत पुण्य देने वाला ग्रंथ है, प्रतिदिन जितना हो सके उतना इसका पठन करना चाहिए, यह सब शंकाओं का समाधान करता है तथा अंत मे मोक्ष...