Saturday, March 20, 2021

शान्तनु का पछतावा

लेखक - कमल किशोर वर्मा

शान्तनु का पछतावा
( महाभारत के पश्चात ) भाग  01

लम्बे लम्बे घने पेड़ों से भरा जंगल था, धूप और गरमी से परेशान मै जल्दी से उस जंगल को पार कर जाना चाहता था परन्तु पैर साथ नही दे रहे थे । थकहार कर मैने निश्चय किया कि अब कुछ देर विश्राम कर ही लूँ । बोझिल कदमों से एक वृक्ष की छांव में जा बैठा , थकान बहुत थी, ठण्डी हवा का स्पर्श होते ही पलकें झपकी लेने को व्याकुल हो गई
और पता नही कब झपकी लग गई !
कुछ देर बाद अचानक नींद खुली और देखा - उसी वृक्ष के नीचे एक अधेड़ व्यक्ति और बैठा है जो अपलक मुझे घूर रहा है , लम्बी ब मजबूत काया ,अधपके से बिखरे बाल, श्वेत दाढ़ी , बड़ी बड़ी चमकीली आँखें और कान में  कुण्डल ,
         उसे देख कर मेरा मन भय एवं आशंका से भरा गया ! इस एकान्त जंगल में यह कहीं चोर लुटेरा तो नही ? मै अनेक कल्पना करता रहा और वह एकटक मुझे घूरता रहा !
अचानक वह याचना भरे स्वर में धीमी आवाज में बोला - तुम्हारे पास कुछ जल है ? उसके स्वर में व्याकुलता और उदासी थी, मैने यंत्रवत चुपचाप उसे जल से भरी बोतल दे दी , उसने शीघ्रता से सारा जल पी डाला और एक लम्बी सांस ली , अब वह थोड़ा और निकट आया , और बोला - कहाँ जा रहे हो ? मै कुछ न बोला ! पुनः उसने कहा - डरो मत , वत्स कमल किशोर मै तुम्हे हानि नही पहुचाऊँगा !!!
     मेरा भय कुछ कम हुआ , साथ ही परम आश्चर्य भी । इसे मेरा नाम कैसे पता ? यह कौन है ? मै सोच ही रहा था कि वह गहरी निःश्वास लेकर बोला - मै शान्तनु हूँ । मेरे वंश में होने वाली पीढ़ियों ने जो अपने अहंकार अज्ञानता निजी स्वार्थलोलुपता और अदूरदर्शिता के कारण महाभारत का युद्ध किया और जो विशाल पैमाने पर नर संहार हुआ , उससे मै अत्यन्त दुःखी विचलित व क्षुब्ध हूँ तथा कभी कभी मन बहलाने के लिये स्वर्ग से पृथ्वी पर आ जाता हूँ तथा यहाँ आकर भ्रमण करता हूँ तथा उन अवशेषों को ढूँढता हूँ, देखता हूँ और कुछ सान्त्वना अनुभव करता हूँ । 
मैने उनसे कहा - हे राजन , आप महान बलशाली हैं , प्रतापी हैं, प्रबल पुण्यमान धर्मात्मा एवं ज्ञानी हैं , कृपया मुझे बताइये कि महाभारत मे किस किस ने क्या क्या गलती/ भूल की थी तथा वे क्या करते तो ज्यादा उचित कर सकते थे ?
तब राजा शान्तनु कहने लगे - कहाँ से कहूँ  , किस किस की कहूँ , सबने अपनी अपनी जिद मे देश का अहित किया था , मेरे वंश और राज्य में सब मूर्ख ही रहे , मै भी !
ये क्या कह रहे हैं आप महाराज ? आप तो परम ज्ञानी वीर महान आत्मा हैं राजन !
नहीं , मैने सत्यवती के प्रेम में अपना सब कुछ खो दिया ! यह कह कर वे कुछ भावुक हो गए, उनका कण्ठ अवरूद्ध हो गया और अश्रु छलक पड़े
मैने वातावरण और परिस्थिति को बदलने के लिये कह दिया कि महाराज प्रेम करना कोई बुरा नहीं ! हां कुछ लोग गलत तो थे ! मेरा समर्थन पाकर वे बोल उठे -
वत्स भीष्म द्रोणाचार्य कृपाचार्य धृतराष्ट्र और उसके पुत्र कर्ण शकुनि युधिष्ठिर अर्जुन सभी मुर्ख थे ।

मैने कौतुहलवश पूछ लिया  - हे राजन , कृपया मुझे बताइये कि आपको कौन कहाँ गलत लगा तब वे कहने लगे
 उदाहरण बताता हूँ  - - -
(1) भीष्म देवव्रत - देवव्रत मेरा आज्ञाकारी वीर विद्वान नीतिज्ञ पुत्र था इसमें कोई संदेह नही है परन्तु जब वह जानता था कि धृतराष्ट्र अपने पुत्रमोह के कारण गलत मार्ग पर जा रहा है तो भीष्म ने धृतराष्ट्र का साथ छोड़ देना चाहिये था !! परन्तु वह सदैव साथ ही रहा ! जब द्रोपदी को घीस कर भरे दरबार में लाकर चीर हरण किया , तब उसने कुल का सबसे वरिष्ठ सदस्य होने के नाते कुल वधु की रक्षा करने हथियार उठा लेना था ! पर वह बैठा बैठा गर्दन हिलाता रहा ! वह अपनी प्रतिज्ञा को जीवनभर जिस तरह पकड़ कर बैठा वह मूर्खता की पराकाष्ठा थी । उसने हस्तिनापुर और उसके लाखों नागरिकों की सुख समृद्धि का बिल्कुल ध्यान नही रखा तथा दुर्योधन के पक्ष मे युद्ध किया । बार बार दुर्योधन यह कहता था कि आप किसके पक्ष में हैं ? आप तो मेरी विजय चाहते ही नहीं ! इस प्रकार वह बार भीष्म का अपमान करता था परन्तु भीष्म  गुलाम की तरह किसी बात का विरोध नही करता ! अंत में भीष्म दुर्योधन से कह देता है कि कर्ण कौन्तेय था अर्थात उसने स्त्री सम्मान की रक्षा नही की बल्कि स्वयं को ज्ञाता सिद्ध किया ।
जीवन भर सत्य का प्रदर्शन करने वाला भीष्म अंत में अधर्म की तरफ से युद्ध लड़ा ! क्या उसे पता नहीं था कि इस युद्ध में हस्तिनापुर की प्रजा ही मारी जाएगी ? युद्ध कौरव और पांडव के बीच होगा तो पांडव और कौरव दोनों की तरफ से मारे जाने वाले सैनिक हस्तिनापुर के ही होंगे ! क्या उसे यह खबर ना थी इस महाविनाश में हस्तिनापुर  पुरुष विहीन हो जाएगा ? क्या हस्तिनापुर के लाखों लोगों के प्राणों से बढ़कर उसकी प्रतिज्ञा थी ? लाखों लोगों के प्राणों की रक्षा के लिए उसने अपनी प्रतिज्ञा छोड़ देना चाहिए थी  !! और यदि वह यह भी ना कर पाता तो युद्ध प्रारंभ होने के पूर्व सब कुछ छोड़ कर वन में तपस्या करने चले जाना था, अधर्म के पक्ष में सेना पति बनकर धर्म के पक्ष के लोगों का विनाश करना और प्रतिज्ञा कर लेना कि मैं प्रतिदिन 10000 सैनिक पांडवों के मारूंगा इस प्रकार की प्रतिज्ञा करना क्या यह सब मूर्खता नहीं थी ? बार-बार जब विवश होकर भीष्म अपनी माता गंगा के पास जाते ! तो क्या कभी गंगा ने उसे नहीं समझाया था कि तुम अपनी प्रतिज्ञा के कारण लाखों लोगों का विनाश करवा दोगे , अपनी प्रतिज्ञा छोड़ दो और लाखों लोगों का जीवन बचा लो ।
इस प्रकार भीष्म के व्यवहार ने मुझे बहुत निराश और हताश किया ,जिस हस्तिनापुर की रक्षा का भार मैं भीष्म को सौंपकर गया था उस हस्तिनापुर की रक्षा भीष्म नहीं कर पाया ।

आंसू का व्यापार सखी

 सूरज की तरह से रोशन है

           मेरे मन के उदगार सखी 

 दया प्रेम करुणा ममता 

         सब से मुझको प्यार सखी

अजनबी कहूँ कैसे किसको

         अपना ही है संसार सखी

सेवा सहयोग समर्पण संगत

            सब मेरे अवतार सखी

देकर फूल जहां में सबको 

         पाए काटों के हार सखी

 यूं ही नहीं किया करता हूं 

         आंसू का व्यापार सखी


  रामचरितमानस बहुत पुण्य देने वाला ग्रंथ है, प्रतिदिन जितना हो सके उतना इसका पठन करना चाहिए, यह सब शंकाओं का समाधान करता है तथा अंत मे मोक्ष...