पहली बार पिता की उंगली
थाम ठुमक दो कदम चला
आनंद विभोर हुए थे वे भी
मैं भी गदगद खूब चला
जब भी मचला मुझे मनाने
नया खिलौना हाथ थमाया
पीठ थपक कर होले होले
दुनियादारी को समझाया
आसमान की लाली जैसा
फूलों की कोई डाली जैसा
खेतों की हरियाली जैसा
प्यार पिता का है कुछ वैसा
शबनम की बूंदों सा शीतल
मोर पंख के जैसा कोमल
दूध फैन के जैसा उज्जवल
ऐसा प्यार पिता का निर्मल
चंदन की खुशबू के जैसा
सावन की रिमझिम के जैसा
देवों के वरदानों जैसा
प्यार पिता का है कुछ वैसा
प्यार पिता का इतना पावन
जैसे गंगाजल की गगरी
उनकी गोद सुरक्षित इतनी
जैसे कृष्ण द्वारिका नगरी
मैं कितना भी बड़ा बनूँ
जैसा भी जितना अच्छा हूँ
जब पिता सामने होते हैं
मैं आज भी छोटा बच्चा हूँ
मेरी पुस्तक काव्याजंलि निहारिका में
25 दिसम्बर 2014 में प्रकाशित

