फिरसे मुझको मीत पुकारो
तुम बिन निपट अकेली हूँ मै
प्राणनाथ कुछ बात विचारो
आओ मेरी ज़ुल्फ संवारो
जुल्फ आज ये जिद कर बैठी
प्रीतम से ही ये सुलझेगी
मन भी आज उदास जरा सा
उलझन ये कैसे सुलझेगी
विरह कटारी हृदय बींधती
थोड़ा मुझको आज दुलारो
तुम बिन निपट अकेली हूँ मै
प्राणनाथ कुछ बात विचारो
आओ मेरी ज़ुल्फ संवारो
नयनों में उमड़ पड़े हैं बादल
मन में जागी प्यास तुम्हारी
ख्वाबों की यह उथल पुथल
जीवन मे है कमी तुम्हारी
स्नेह भरे अंसुवन मे डूबी
प्रणय भाव से मुझे निहारो
आओ मेरी ज़ुल्फ संवारो
No comments:
Post a Comment