Sunday, April 26, 2020

वक्त का मिजाज

                 कमल किशोर वर्मा


ऐ वक्त बता तू झोली में
        ये दर्द कहाँ से लाता है
दर्द भरे नगमे ही अक्सर
        क्यों  तू हमें सुनाता है

तेरा तो कोई घर ही नही
       तू कहीं ठहर ना पाता है
पर तूने जिनके घर तोड़े
      उनको ही शूल चुभाता है

वक्त बता जंजीरों में क्यों
       सत्य ही जकड़ा जाता है
झूठ सिंहासन चढ़ता है
       सत्य ही पकड़ा जाता है



सामाजिक शारिरिक दूरी

सोशियल डिस्टेन्स
सामाजिक शारिरिक दूरी
            दिनांक  25 अप्रेल 2020
कमल किशोर वर्मा


वर्तमान में कोरोना महामारी के कारण देश दुनिया  और सम्पूर्ण मानव जाति के लिए खतरा उत्पन्न हो गया है । विश्व के अधिकांश देशों में यह फैल चुका है और इसका उपाय क्वारन्टाइन है, संक्रमण फैलने और रोकने के लिए भी व्यक्ति एक दूसरे से दूरी बनाकर रहे यही बताया और सिखाया जा रहा है ।
           विभिन्न प्रकार के विषाणु जीवाणु और संक्रमण के प्रसार का खतरा हमेशा ही रहा है , यह कोई नई बात नही है । यह बात हमारे भारत के ऋषि मुनि हजारों साल से जानते थे 
उन्होंने इस प्रकार के संक्रमण को रोकने फैलने और उसकी श्रृंखला तोड़ने के लिये सोशियल डिसटेन्स और क्वारन्टाइन के अलग ही नियम बनाए थे । धीरे धीरे ये नियम परम्परा बन गये थे ।
     
व्यक्ति की शारिरिक शक्ति, रोग प्रतिरोधन क्षमता, सहन शक्ति आदि उसके खानपान रहनसहन और उसके जीवन यापन करने की परिस्थिति व कार्य पर निर्भर करती है । अलग अलग प्रकृति के कार्य करने वाले व्यक्तियों की जीवन शैली अलग अलग होती है , इसलिये उनमें परस्पर कुछ दूरी बनाए रखना समाज के संरक्षण के लिए आवश्यक है ( इसे ही आज सोशियल डिस्टेन्स कहा गया है )
 भिन्न भिन्न सामाजिक/स्थानिक/वैचारिक/आर्थिक/कार्य करने वालों को समाज में थोड़ा अलग अलग रहना बताया गया । यह समस्त मानव जाति के कल्याण और सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए सोशियल डिस्टेन्स ही था , न कि नफरत ,
कुछ जाति के लोगों का व्यवसाय ऐसा था जिसमें विषाणु जीवाणु अधिक हो सकते है ? इन जातियों से कुछ दूरी रखना , सोशियल डिसटेन्स ही था ! नफरत नही !
यह बात पूर्वज जानते थे इसलिये उन्होंने कभी भी इसका विरोध नही किया और हमेशा मर्यादा का पालन किया , परन्तु अंग्रेजों ने भारतीय समाज में फूट डालने और भारतीय संस्कृति को नष्ट करने के लिये इस व्यवस्था को छुआछूत नाम देकर उस वर्ग को भड़काया , तथा  कड़े शब्दों का जाल बनाकर कानून बनाकर विरोध किया । अंग्रेज वह प्रत्येक कार्य करते थे जिससे भारतीय लोग बीमार दुर्बल अशक्त और लाचार बने , ताकि वे विद्रोह के योग्य ही न बचे !

Thursday, April 16, 2020

घोटाला  ( कविता )



कवि - कमल किशोर वर्मा , कन्नौद


ईश्वर ने मनुष्य बनाया और मनुष्य ने अपने हितों की पूर्ति के लिए समुदाय बनाया ! फिर समुदाय के नियम बनाए और उनका पालन करवाने हेतु मुखिया चुना , जिसे राजा कहा गया । परन्तु प्राचीनकाल से ही समाज में अग्रगण्य कहे जाने वाले (नेता ) निजी स्वार्थ पूर्ति हेतु घोटाला करते आए हैं ।
       विश्व के अनेक देशों में अनेक नेताओं ने अनेक बार अनेक बार घोटाले किये हैं । प्रस्तुत है कविता - घोटाला 

आजादी के पश्चात परिदृश्य कितना बदला !

आजादी के पहले ,  नेता
            देश पे , जान लुटाते थे
आजादी के बाद के नेता
            खुद पे ,  देश लुटाते हैं 
छेड़ी बात शहीदों की तो
             बोले लोग , उदासी से 
अब न रहा वो देश प्रेम जी
             अब तो है बस घोटाला 

भिन्न सभी के दल बल सपने
            भिन्न  तरीके , अपने अपने
रंग ढंग भी ,  भिन्न सभी के
           सच भी सबके अपने अपने
अलग अलग नीती है सबकी
          सबने अलग सोच को पाला
लक्ष्य एक है किन्तु सभी का
          लक्ष्य एक है    -    घोटाला

घोटाला के बारे में नेताजी की सोच क्या है ? 

घोटाला ,   से वो जलते जो
          कर न सके हों  -  घोटाला
घोट घोट कर टाला जिसको
          वही बना है  -     घोटाला
जनम जनम का साथ है यारों
          कुर्सी  और  घोटाले  का
कुर्सी तो , दुल्हन है , उसकी
           वर उसका है  -  घोटाला

उस घोटाले से ,  प्यार मुझे
          जो दूर पकड़ से - घोटाला
उस नीती से प्यार , मुझे जो
          दे जाए ,   वोटों की माला
जुर्म नही है  -  घोटाले में
           है जुर्म तो पकड़े जाने में
देश और कुर्सी  , दोनों से
           प्यारा है मुझको - घोटाला

और कभी पकड़ा जाय ! तो होता क्या है ?

जाँच ही जाँच कराने में ही
            कितना समय बिता डाला
कर ना पाई जाँच , कमेटी
            फिर आयोग  बना डाला
उसकी भी तारीख बढ़ाते 
           रहे साल दर साल   सभी
घोटाला की जाँच , में भी
           कर बैठे वे तो -  घोटाला

जनता सिर्फ बात कर सकती है 

मानवता की नाव में जैसे
            दानवता का छेद घोटाला
मधुर दूध में , नींबू टपके
            टूट गिरे अमृत का प्याला
घोटाले की , कथा अनंता
            कह न सकूँगा मै , लाला
घोटाले पर , बोलूँगा तो
            जड़ देंगे , मुँह पर ताला

कह न सके जनता, लाचारी
            कहे तो कौन सुने लाला
जल में थल में और गगन में
            फैल चुका है , घोटाला
मेरी बातें , समझ गए तुम
            मान गए तुम जान गए
कहने सुनने को क्या बाकी
           छोड़ो क्या है , घोटाला

मेरी पुस्तक " काव्यांजलि निहारिका "
से ली गई  , कमल किशोर वर्मा
प्रकाशन - सन् 2014
       
          

Wednesday, April 15, 2020

रोने का सुख 

- कमल किशोर वर्मा , कन्नौद 




मनुष्य के जीवन में और कुछ हो या ना हो ,दो चीजें जरूर होती है। रोना और हँसना , जैसे ही उसका जन्म होता है सबसे पहले वह रोता है , हँसता नहीं ! अर्थात जीवन की शुरूआत ही रोने से है बाद में वह अपना मन बहलाने को कुछ चीजों में खुशी ढूंढ कर हँसने का प्रयास करता है। अर्थात हँसी बाद में प्रयास स्वरूप की गई प्राप्ति है। लोग हँसना चाहते हैं, लोग हँसते हैं, कुछ दूसरों की गलती पर हँसते हैं कुछ दूसरों की हानि पर ! परन्तु रोने का मजा ही अलग है।
जब कोई मनुष्य किसी मनवाँछित स्थिति को प्राप्त करता है, विजयी होता है, कोई बहुत बड़ा ईनाम जीतता है, या मौत से बच निकलता है तो वह हँसता नहीं है , उसकी आंखों में आँसू आते हैं ! जब कोई बात या भावना दिल को छू जाती है तो आंसू आते हैं हँसी नहीं ! जब कोई बिछुड़ा हुआ अपना मिलता है तो आँसू आते हैं। अर्थात जीवन का प्रगाढ़तम भाव रोना है , हँसना नहीं। आपसे सच्चा प्रेम करने वाला वो नहीं है जो हँस - हँस के बात करता है बल्कि सच्चा प्रेमी वह है जो आपके लिये रोता है। यदि आपसे कोई कहे कि मैं ऐसा हूँ - वैसा हूँ ... ये बातें झूठ भी हो सकती है ? क्योंकि जबान झूठ बोल सकती है ! परन्तु आँसू झूठ नहीं बोल सकते ! आँसू , दिल की जबान होते हैं।
रोने से मन हल्का हो जाता है हँसने से नहीं ! जीवन का आनन्द रोने में है - जब आदमी गहरी कथा भागवत सुनता है, ईश्वर के प्रेम में डूबता है तो उसके आँसू बहने लगते है , रोने से वह ईश्वर के नजदीक जाता है। मीरा ने भी कृष्ण के प्रेम में आँसू बहाए थे।
असुँवन जल सींची सींची प्रेम बेल बोई
अब तो बेलि फैलि गई आनन्द फल होई
जब सुदामा के यही आँसू कृष्ण ने देखे, तब उनका भक्त वत्सल भाव छलक उठा -
पानी परात को हाथ छुओ नहीं
नैनन के नीरन सों पग धोयो
आँसू दो प्रकार के होते हैं - सुख के आँसू और दुःख के आँसू
हँसी खुशी मिलन और उत्सव के अवसर पर आने वाले आँसू सुख के आँसू हैं, ये भावप्रधान दया ममता प्रेम और मानवीय संवेदनाओं से ओतप्रोत, निश्छल निर्मल करूण हृदय की निशानी है, कठोर हृदय के स्वामी आँसू मुक्त होते हैं। कष्ट विरह वेदना और आत्म-सम्मान को ठेस पहुँचने पर आए आँसू , दुःख के आँसू है। ये विवशता ग्लानि और छटपटाहट को प्रदर्शित करने वाले होते है और बह जाए तो अच्छा है। यदि ये न बहे तो आक्रोश में बदलते हैं और मन बुद्धि को क्रोधित कर द्वेष उत्पन्न करते हैं। यही सामाजिक विद्वेष बदले की भावना और अपराध का जनक है।
किसी के दुःख के आँसू देखकर लोग उसकी हँसी उड़ाते हैं , इसीलिए मैं आँसू से कहता हूँ -

ओ निश्छल से भोले आँसू
           क्यों पागलपन दिखलाते हो
कहने को मन की पीड़ा क्यों
                  पलकों से ढल जाते हो

देख चुके हो जग का हँसना
              फिर भी समझ न पाते हो
थोड़ी सी नादानी में तुम
             क्यों ? अपमान कराते हो

मत बाहर आओ नैनों के
           आँसू तुम छुप जाओ यार
देखो जग उपहास करेगा
            मतलब का है सब संसार

मन के भाव छुपे रहने दो
               निष्ठुर मेला जग संसार
चोट हृदय की खुद सह लेना
                ना बहना यूँ ही बेकार

आँसू तुम अनमोल धरोहर
        दिल के छालों का तुम सार
खुशियों में भी पलक भिगोकर
            अपनों की करते मनुहार

कृष्ण और सुदामा के आँसू में
               भेद कहाँ जाने संसार
उसके आँसू प्रेम समर्पण
          कृष्ण के आँसू में मनुहार

कवि/लेखक - कमल किशोर वर्मा 
कवि परिचय -
कमल किशोर वर्मा ,
 शिक्षा - बी. एससी . एम.ए. बी.एड.

कवि, लेखक, गीतकार, संगीतकार, चि़त्रकार, ज्योतिषी, हस्तरेखा विशेषज्ञ, सामुद्रिकशास्त्र, वास्तुशास्त्र विशेषज्ञ, आयुर्वेद के ज्ञाता, प्राचीन भारतीय संस्कृति के मर्मज्ञ इतिहासकार

व्यंग्य - कुर्सी का उठावना

व्यंग्य रचना - कुर्सी का उठावना 

- 

कमल किशोर वर्मा कन्नौद


 clip_image002

                एक अच्छे देश के लिये जितने जरूरी नेता है उतना ही जरूरी है उनके लिये कर्तव्यनिष्ठ और मेहनती धोबी, 
        आप कहेंगे वो कैसे ? पर ये बात है सोलह आने सच , देश के लिये एक उज्जवल नेता की जरूरत होती है और उसे नेता बनाये रखने के लिये एक उज्जवल छबि की जरूरत होती है तथा उज्जवल छबि बनाये रखने के लिये एक शानदार धोबी की जरूरत होती है धोबी यदि ठीक ढंग से कपडे़ न धोए तो नेताजी की पोषाक में दाग रह जायेंगे और सारा देश नेताजी की करतूत जान जायेगा । इसलिए जैसा जलवा हमारे नेताजी का था वैसा ही उनके घोबी का भी था ! वैसे भैयाजी बुरा मत मानना  , हम कहना तो नहीं चाहते थे पर अब बात निकली है तो बता देते है - हमारे नेताजी भी किसी से कम नहीं है वे किसी से नहीं डरते सिवाय अपने धोबी के ,

           ..........न ..न.. न.....वे डरते थोड़े ही हैं वे तो उसका आदर करते हैं इसलिये उसके सामने ज्यादा नहीं बोलते हैं पर विपक्ष का क्या  ? वे तो बिना सिर पैर की हाँकते ही रहते हैं सो कुछ कह दिया होगा ?

                नेताजी के यहाँ उनके चाहने वालों की लाइन लगी रहती है किसी को मिलना हो तो पहले से अपाइमेन्ट लेना पड़ता है ,पहले गोरखा तलाशी लेता है फिर अन्दर जाने देते है पर धोबी तो धोबी है वह तो सब कानून से ऊपर है न ! उसको न अपाइमेन्ट की जरूरत है, न किसी चेकिंग की । जब चाहा आया ,जब चाहा गया, उसके भाग्य से तो चापलूसों को भी ईर्ष्या होती है । अब किसी को कोई काम है तो नेताजी के यहाँ जाओ, लाइन में लगो , घण्टों खडे़ रहो ,बाप रे ! सौ झंझट , सो लोगों ने अपना काम निकलवाने के लिये नेताजी के धोबी से अपनी सिफारिश शुरू करवा दी अब धोबी के भी दाम बढ़े सुबह शाम नेताजी के साथ उसके लिये भी भेट आने लगी , धोबी का निजी घर नेताजी का अघोषित दफ्तर बन गया । शहर में धोबी का जलवा हो गया , पडोसी भी धोबी से जलने लगे , कहने लगे अब तो धोबी के भी पत्र आने लगे भेंट आने लगी अब तो धोबी के भी दाम बढेंगे , बेचारा सरलता से कहता भैया पत्र आवे भेंट आवे तो हम सब के लिये ही अच्छा है पर लोगों का क्या ? उनको तो धोबी की उन्नति फूटी आँख न सुहाती थी पर वे कर ही क्या सकते थे सिवाय जलने के ?

जब भी किसी आदमी को मंत्रीजी से कोई काम होता तो वह नेता-अधिकारी को छोड़ कर सिर्फ धोबी को आश्वस्त कर लेता ,धोबी धीरे से मंत्रीजी के कान में मंत्रणा कर देता और काम हो जाता । धीरे -धीरे काम बड़ा आमदनी बढ़ी , अब ग्राहक धोबी पर ऐसे ही झूमने लगे जैसे गुड़ पर मक्खियाँ । और धोबी भी पान खाते हुए मुस्कराकर उनकी बातों का ऐसा समर्थन करता कि ग्राहक अपना जन्म सफल मानने लगता परन्तु हर गमले में फूल नहीं खिलता ,हर प्रश्न का उत्तर नहीं होता । सबका भाग्य प्रबल कहाँ होता है ?

                 इसी निष्ठुर और निर्बल भाग्य के मारे बेचारे मोहनलाल थे जिनके मन में किसी अशुभ घडी में यह ख्याल आ गया कि देश से भ्रष्टाचार मिटाया जाय । सो मोहनलालजी ने कुछ कारिन्दों की शिकायत ऊपर करदी । फाइलें चलती रही ऊपर से नीचे ,नीचे से ऊपर दौड़ती रही उसके साथ कुछ नेग भी आते जाते रहे और अन्त में उस समस्त काण्ड की जाँच का जिम्मा उनको ही सौंप दिया गया जिनकी शिकायत थी । उन्होंने जो रिपोर्ट भेजी उसमें कहा गया - यह समस्त शिकायत झूठी और काल्पनिक है यहाँ कोई मोहनलाल नाम का आदमी नहीं है । अब मोहनलाल को अपना होना सिद्ध करना था । बेचारे पटवारी से लगाकर अधिकारी तक गये , पहले तो सबने कहा कल आना । फिर कल-कल करते महीनों बात जाने के बाद , आफिस के गेट पर विराजित दरबान को नेग देने के बाद ही उनको साहब से मुलाकात का सौभाग्य आया ।
साहब ने बडे प्यार से मोहनलाल को समझाया -देखो मोहनलाल आप सीधे-साधे ईमानदार ,समझदार बाल-बच्चे वाले व्यक्ति है आप कहाँ इस झंझट में पड़ गये ? साहब ने बड़ी शालीनता से आत्मीयता से कहा - देखिये ये तो दस्तूर है आप देंगे हम लेंगे , इससे देश में मुद्रा का चलन बढ़ेगा , देश की उन्नति होगी , समृद्धि आयेगी ,हमारा पैसा विदेशी बैंक में जायेगा इससे विदेश में हमारी साख बढेगी क्या आप अपने देश की उन्नति नहीं चाहते ? इस पुनीत कार्य में आपको खुले दिल से हमारा सहयोग करना चाहिये । परन्तु बेचारे मोहनलाल खुले दिल के नहीं थे ना ? सो वे इसकी भी शिकायत लेकर मंत्रीजी के पास जाने लगे और उसका सबसे सरल रास्ता था -धोबी । अब मोहनलाल ने धोबी के पास जाने का संकल्प लिया पर धोबी तो अब मँजा हुआ खिलाड़ी हो चुका था ? क्या वह बिना भेंट लिये मोहनलाल से मिलता ?
बिना रिश्वत धोबी महाशय न तो मोहनलाल से मिले, न सहयोग किया ! न नेताजी मिले ! 

                 मोहनलाल ने घर-घर जाकर लोगों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध समझाया , उनको अपना साथ देने के लिये अनुरोध किया , युवाओं का आह्वान किया , काले धन का विरोध किया ,विदेश से काला धन लाने के लिये अनशन किया , मोहनलाल की मेहनत रंग लाई जनता में जागृति आई ईमानदार लोगों ने भ्रष्ट नेताओं को समर्थन देना बन्द कर किया । मंत्रीजी की कुर्सी चली गई कुर्सी चले जाने के गम में मंत्रीजी भी चले गये ,उसके साथ ही धोबी का जलवा खत्म हो गया अब उसके घर की दीवार पर लिखा था - बडे़ दुःख के साथ सूचित करने में आता है कि हमारे पूज्य मंत्रीजी की कुर्सी का देहान्त हो गया है , वे अब मंत्रीजी नहीं रहे थे ,जिसके कारण मंत्रीजी भी नहीं रहे , उनकी आत्मशांति के लिये उनकी कुर्सी का उठावना रखा गया है सो कृपाकर पधारना आपके पधारने से मंत्रीजी की आत्मा को शांति मिलेगी ।

मेरी पुस्तक " एक चम्मच सच " से लिया गया
प्रकाशित सन 2014 

Tuesday, April 14, 2020

कविता - किसने देखा ?

    ..... कमल किशोर वर्मा   

        किसने देखा...?


राधा रोई, जग ने देखा
         कृष्ण का रोना, किसने देखा ?

यमुना उफनी, जग ने देखा
         हृदय उफनता, किसने देखा ?

सिंहासन पाने, जो दौड़े
        त्याग उम्र का किसने देखा ?

पथरीले पथ के, राही का
        पाँव का छाला किसने देखा ?

कवि सुनाते,चाँद के किस्से
        दर्द चाँद का किसने देखा ?

नदिया झरने सब बह जाते
        कौन बचा है, किसे देखा ?

तुम्हे बनाने अपना साथी
        कौन मिटा है किसने देखा ?

नाजों भरी परी हो माना
        भाव हृदय का किसने देखा ?
       

         - कमल किशोर वर्मा, कन्नौद

  रामचरितमानस बहुत पुण्य देने वाला ग्रंथ है, प्रतिदिन जितना हो सके उतना इसका पठन करना चाहिए, यह सब शंकाओं का समाधान करता है तथा अंत मे मोक्ष...