घोटाला ( कविता )

कवि - कमल किशोर वर्मा , कन्नौद
ईश्वर ने मनुष्य बनाया और मनुष्य ने अपने हितों की पूर्ति के लिए समुदाय बनाया ! फिर समुदाय के नियम बनाए और उनका पालन करवाने हेतु मुखिया चुना , जिसे राजा कहा गया । परन्तु प्राचीनकाल से ही समाज में अग्रगण्य कहे जाने वाले (नेता ) निजी स्वार्थ पूर्ति हेतु घोटाला करते आए हैं ।
विश्व के अनेक देशों में अनेक नेताओं ने अनेक बार अनेक बार घोटाले किये हैं । प्रस्तुत है कविता - घोटाला
आजादी के पश्चात परिदृश्य कितना बदला !
आजादी के पहले , नेता
देश पे , जान लुटाते थे
आजादी के बाद के नेता
खुद पे , देश लुटाते हैं
छेड़ी बात शहीदों की तो
बोले लोग , उदासी से
अब न रहा वो देश प्रेम जी
अब तो है बस घोटाला
भिन्न सभी के दल बल सपने
भिन्न तरीके , अपने अपने
रंग ढंग भी , भिन्न सभी के
सच भी सबके अपने अपने
अलग अलग नीती है सबकी
सबने अलग सोच को पाला
लक्ष्य एक है किन्तु सभी का
लक्ष्य एक है - घोटाला
घोटाला के बारे में नेताजी की सोच क्या है ?
घोटाला , से वो जलते जो
कर न सके हों - घोटाला
घोट घोट कर टाला जिसको
वही बना है - घोटाला
जनम जनम का साथ है यारों
कुर्सी और घोटाले का
कुर्सी तो , दुल्हन है , उसकी
वर उसका है - घोटाला
उस घोटाले से , प्यार मुझे
जो दूर पकड़ से - घोटाला
उस नीती से प्यार , मुझे जो
दे जाए , वोटों की माला
जुर्म नही है - घोटाले में
है जुर्म तो पकड़े जाने में
देश और कुर्सी , दोनों से
प्यारा है मुझको - घोटाला
और कभी पकड़ा जाय ! तो होता क्या है ?
जाँच ही जाँच कराने में ही
कितना समय बिता डाला
कर ना पाई जाँच , कमेटी
फिर आयोग बना डाला
उसकी भी तारीख बढ़ाते
रहे साल दर साल सभी
घोटाला की जाँच , में भी
कर बैठे वे तो - घोटाला
जनता सिर्फ बात कर सकती है
मानवता की नाव में जैसे
दानवता का छेद घोटाला
मधुर दूध में , नींबू टपके
टूट गिरे अमृत का प्याला
घोटाले की , कथा अनंता
कह न सकूँगा मै , लाला
घोटाले पर , बोलूँगा तो
जड़ देंगे , मुँह पर ताला
कह न सके जनता, लाचारी
कहे तो कौन सुने लाला
जल में थल में और गगन में
फैल चुका है , घोटाला
मेरी बातें , समझ गए तुम
मान गए तुम जान गए
कहने सुनने को क्या बाकी
छोड़ो क्या है , घोटाला
मेरी पुस्तक " काव्यांजलि निहारिका "
से ली गई , कमल किशोर वर्मा
प्रकाशन - सन् 2014

No comments:
Post a Comment