Tuesday, April 6, 2021

 चंचल नार से प्रीत न कीजे

               प्रीत किए दुख भारी पावे

 घाव कटार को वैद्य मिटावे

          घाव जिगर को मिट नही पावे

चंचल नैन से नैन लड़ावे

            दिन अरु रैन को चैन गंवावे

चंचल नार न नेह निभावे

         असुवन को कुछ मोल न पावे 

प्रेम का मोल न जानि सके

           तन रूप जवानी पे इठलावे

नैनन में नैनन को डारिके 

                 नैनन से ही तीर चलावे 






Thursday, April 1, 2021

कमल किशोर वर्मा की कविताएं

किसने ??

 प्यासी नदिया पागल दरिया

             किसने ऐसी रीत बनाई 

बहते पर्वत फूल झुलसते

            किसने ऐसी रीत बनाई 

तारे टिमटिम आग धधकती

            किसने ऐसी रीत बनाई 

मिले गले को साथ हार का

          किसने ऐसी जीत बनाई

आंखें रोती ओंठ सिसकते 

           किसने ऐसी प्रीत बनाई

Saturday, March 20, 2021

शान्तनु का पछतावा

लेखक - कमल किशोर वर्मा

शान्तनु का पछतावा
( महाभारत के पश्चात ) भाग  01

लम्बे लम्बे घने पेड़ों से भरा जंगल था, धूप और गरमी से परेशान मै जल्दी से उस जंगल को पार कर जाना चाहता था परन्तु पैर साथ नही दे रहे थे । थकहार कर मैने निश्चय किया कि अब कुछ देर विश्राम कर ही लूँ । बोझिल कदमों से एक वृक्ष की छांव में जा बैठा , थकान बहुत थी, ठण्डी हवा का स्पर्श होते ही पलकें झपकी लेने को व्याकुल हो गई
और पता नही कब झपकी लग गई !
कुछ देर बाद अचानक नींद खुली और देखा - उसी वृक्ष के नीचे एक अधेड़ व्यक्ति और बैठा है जो अपलक मुझे घूर रहा है , लम्बी ब मजबूत काया ,अधपके से बिखरे बाल, श्वेत दाढ़ी , बड़ी बड़ी चमकीली आँखें और कान में  कुण्डल ,
         उसे देख कर मेरा मन भय एवं आशंका से भरा गया ! इस एकान्त जंगल में यह कहीं चोर लुटेरा तो नही ? मै अनेक कल्पना करता रहा और वह एकटक मुझे घूरता रहा !
अचानक वह याचना भरे स्वर में धीमी आवाज में बोला - तुम्हारे पास कुछ जल है ? उसके स्वर में व्याकुलता और उदासी थी, मैने यंत्रवत चुपचाप उसे जल से भरी बोतल दे दी , उसने शीघ्रता से सारा जल पी डाला और एक लम्बी सांस ली , अब वह थोड़ा और निकट आया , और बोला - कहाँ जा रहे हो ? मै कुछ न बोला ! पुनः उसने कहा - डरो मत , वत्स कमल किशोर मै तुम्हे हानि नही पहुचाऊँगा !!!
     मेरा भय कुछ कम हुआ , साथ ही परम आश्चर्य भी । इसे मेरा नाम कैसे पता ? यह कौन है ? मै सोच ही रहा था कि वह गहरी निःश्वास लेकर बोला - मै शान्तनु हूँ । मेरे वंश में होने वाली पीढ़ियों ने जो अपने अहंकार अज्ञानता निजी स्वार्थलोलुपता और अदूरदर्शिता के कारण महाभारत का युद्ध किया और जो विशाल पैमाने पर नर संहार हुआ , उससे मै अत्यन्त दुःखी विचलित व क्षुब्ध हूँ तथा कभी कभी मन बहलाने के लिये स्वर्ग से पृथ्वी पर आ जाता हूँ तथा यहाँ आकर भ्रमण करता हूँ तथा उन अवशेषों को ढूँढता हूँ, देखता हूँ और कुछ सान्त्वना अनुभव करता हूँ । 
मैने उनसे कहा - हे राजन , आप महान बलशाली हैं , प्रतापी हैं, प्रबल पुण्यमान धर्मात्मा एवं ज्ञानी हैं , कृपया मुझे बताइये कि महाभारत मे किस किस ने क्या क्या गलती/ भूल की थी तथा वे क्या करते तो ज्यादा उचित कर सकते थे ?
तब राजा शान्तनु कहने लगे - कहाँ से कहूँ  , किस किस की कहूँ , सबने अपनी अपनी जिद मे देश का अहित किया था , मेरे वंश और राज्य में सब मूर्ख ही रहे , मै भी !
ये क्या कह रहे हैं आप महाराज ? आप तो परम ज्ञानी वीर महान आत्मा हैं राजन !
नहीं , मैने सत्यवती के प्रेम में अपना सब कुछ खो दिया ! यह कह कर वे कुछ भावुक हो गए, उनका कण्ठ अवरूद्ध हो गया और अश्रु छलक पड़े
मैने वातावरण और परिस्थिति को बदलने के लिये कह दिया कि महाराज प्रेम करना कोई बुरा नहीं ! हां कुछ लोग गलत तो थे ! मेरा समर्थन पाकर वे बोल उठे -
वत्स भीष्म द्रोणाचार्य कृपाचार्य धृतराष्ट्र और उसके पुत्र कर्ण शकुनि युधिष्ठिर अर्जुन सभी मुर्ख थे ।

मैने कौतुहलवश पूछ लिया  - हे राजन , कृपया मुझे बताइये कि आपको कौन कहाँ गलत लगा तब वे कहने लगे
 उदाहरण बताता हूँ  - - -
(1) भीष्म देवव्रत - देवव्रत मेरा आज्ञाकारी वीर विद्वान नीतिज्ञ पुत्र था इसमें कोई संदेह नही है परन्तु जब वह जानता था कि धृतराष्ट्र अपने पुत्रमोह के कारण गलत मार्ग पर जा रहा है तो भीष्म ने धृतराष्ट्र का साथ छोड़ देना चाहिये था !! परन्तु वह सदैव साथ ही रहा ! जब द्रोपदी को घीस कर भरे दरबार में लाकर चीर हरण किया , तब उसने कुल का सबसे वरिष्ठ सदस्य होने के नाते कुल वधु की रक्षा करने हथियार उठा लेना था ! पर वह बैठा बैठा गर्दन हिलाता रहा ! वह अपनी प्रतिज्ञा को जीवनभर जिस तरह पकड़ कर बैठा वह मूर्खता की पराकाष्ठा थी । उसने हस्तिनापुर और उसके लाखों नागरिकों की सुख समृद्धि का बिल्कुल ध्यान नही रखा तथा दुर्योधन के पक्ष मे युद्ध किया । बार बार दुर्योधन यह कहता था कि आप किसके पक्ष में हैं ? आप तो मेरी विजय चाहते ही नहीं ! इस प्रकार वह बार भीष्म का अपमान करता था परन्तु भीष्म  गुलाम की तरह किसी बात का विरोध नही करता ! अंत में भीष्म दुर्योधन से कह देता है कि कर्ण कौन्तेय था अर्थात उसने स्त्री सम्मान की रक्षा नही की बल्कि स्वयं को ज्ञाता सिद्ध किया ।
जीवन भर सत्य का प्रदर्शन करने वाला भीष्म अंत में अधर्म की तरफ से युद्ध लड़ा ! क्या उसे पता नहीं था कि इस युद्ध में हस्तिनापुर की प्रजा ही मारी जाएगी ? युद्ध कौरव और पांडव के बीच होगा तो पांडव और कौरव दोनों की तरफ से मारे जाने वाले सैनिक हस्तिनापुर के ही होंगे ! क्या उसे यह खबर ना थी इस महाविनाश में हस्तिनापुर  पुरुष विहीन हो जाएगा ? क्या हस्तिनापुर के लाखों लोगों के प्राणों से बढ़कर उसकी प्रतिज्ञा थी ? लाखों लोगों के प्राणों की रक्षा के लिए उसने अपनी प्रतिज्ञा छोड़ देना चाहिए थी  !! और यदि वह यह भी ना कर पाता तो युद्ध प्रारंभ होने के पूर्व सब कुछ छोड़ कर वन में तपस्या करने चले जाना था, अधर्म के पक्ष में सेना पति बनकर धर्म के पक्ष के लोगों का विनाश करना और प्रतिज्ञा कर लेना कि मैं प्रतिदिन 10000 सैनिक पांडवों के मारूंगा इस प्रकार की प्रतिज्ञा करना क्या यह सब मूर्खता नहीं थी ? बार-बार जब विवश होकर भीष्म अपनी माता गंगा के पास जाते ! तो क्या कभी गंगा ने उसे नहीं समझाया था कि तुम अपनी प्रतिज्ञा के कारण लाखों लोगों का विनाश करवा दोगे , अपनी प्रतिज्ञा छोड़ दो और लाखों लोगों का जीवन बचा लो ।
इस प्रकार भीष्म के व्यवहार ने मुझे बहुत निराश और हताश किया ,जिस हस्तिनापुर की रक्षा का भार मैं भीष्म को सौंपकर गया था उस हस्तिनापुर की रक्षा भीष्म नहीं कर पाया ।

आंसू का व्यापार सखी

 सूरज की तरह से रोशन है

           मेरे मन के उदगार सखी 

 दया प्रेम करुणा ममता 

         सब से मुझको प्यार सखी

अजनबी कहूँ कैसे किसको

         अपना ही है संसार सखी

सेवा सहयोग समर्पण संगत

            सब मेरे अवतार सखी

देकर फूल जहां में सबको 

         पाए काटों के हार सखी

 यूं ही नहीं किया करता हूं 

         आंसू का व्यापार सखी


Friday, January 29, 2021

  •  बदल गये जब नैन तुम्हार
  •            बदल गई रूत और नजारे
  • बदले सारे साथी हमदम
  •           केवल हम ना बदले प्रीतम
  • रात नींद से अनबन हो गई
  •            नींद नैन की बैरन हो गई 
  • याद तुम्हारी नश्तर बनकर
  •         चुभती रही रात नस नस में
  • निकल ही जाती सांस हमारी
  •         याद तुम्हारी बन्धन हो गई
  •  जागे सारे दर्द साथ में
  •              एक अकेली किस्मत सो गई 
  • रात नींद से अनशन हो गई
  •              नींद नैन की बैरन हो गई 


  •  
  •  

 

 

Friday, January 22, 2021

सन्यास



 कहानी - सन्यास

लेखक - कमल किशोर वर्मा 

एक गाँव था , उसमें एक गरीब आदमी रहता था । उसकी शादी हो गई , दोनो आराम से रहने लगे ।

कुछ दिनों बाद वह आदमी अपनी पत्नी से बोला - मै अब बाहर व्यापार करने जा रहा हूँ , आज ही के दिन एक बरस बाद लौट आऊँगा !!! ऐसा कह कर पति चला गया ,

पति वहाँ व्यापार में व्यस्त हो गया और पत्नी यहाँ अकेली थी , पत्नी रोज सुबह नहा धोकर पैदल ही सब्जी खरीदने  जाती थी , 

उसी बाजार में एक धनवान पुरूष भी रोज कार से सब्जी खरीदने आता था , वह रोज इस महिला को आते हुए देखता था , एक दिन वह पुरूष उस महिला से बोला - आओ मै आपको घर तक छोड़ दूँगा

नही ! मै चली जाऊँगी

डरो मत !! मेरा घर भी उसकी अगली गली में है, मै आपको सकुशल पहुँचा दूँगा ,

अब वह स्त्री कार में बैठ गई , उस पुरूष ने शांति विनम्रता और शालीनता के साथ उस स्त्री को उसके घर के सामने उतार कर चला गया , 

अब यह रोज का क्रम बन गया , 

एक दिन वह पुरूष उस स्त्री से स्नेह तथा आदर से बोला - आओ चाय पीकर चली जाना , स्त्री ने उसका आग्रह स्वीकार कर लिया तथा चाय पीकर चली गई , सिलसिला आगे बढ़ा भोजन भी होने लगा , उन दोनो के मध्य प्रेम उत्पन्न हो गया और परिणाम हुआ - एक सुन्दर पुत्र 

अब वह स्त्री अपने पुत्र को उस पुरूष के घर ही रखती व नित्य एक बार जाकर उसे लाड़ प्यार से दूध पिला कर लौट आती 

एक बरस पूरा हो गया , पति के लौट आने की तारीख़ आ गई !! पति आ गया !! अब पत्नी का ध्यान पुत्र में होने के कारण वह पति की बातों पर ध्यान न दे पा रही थी , उसे अशांत व खिन्न देखकर पति ने उससे पूछा - सच सच बता क्या हुआ ?

तब पत्नी से सब बात कह दी और पुत्र की याद आना बताया !!

पति बोला - अपना पुत्र है ! जा ले आ !!

पत्नी गई और जाकर उस पुरूष से बोली कि मेरे पति आ गये हैं और मै अपना पुत्र लेने आई हूँ ,

वह पुरूष बोला - पुत्र नही दूँगा , वह मेरा है 

अब स्त्री और उसका पति दोनों पुत्र माँग  रहें  हैं तथा वह पुरूष पुत्र को अपने पास रखना चाहता है। मामला न्यायालय में गया । न्यायाधीश के समक्ष सबने अपने तर्क़ सुनाए। 

(1) पति ने कहा - जब मेरी शादी हुई तो मेरे पास 5 एकड़ जमीन थी । मै व्यापार करने परदेश गया तथा यह कहकर गया कि जब बोवनी का समय आएगा तब मै आ जाऊँगा परन्तु यदि किसी कारण न आ पाऊँ तो तू किसी से खेत बुआ लेना , बरसात शुरू हो गई और मै न आ पाया तो मेरी पत्नी ने  मेरा खेत दूसरे से बुआ लिया , अब बोने वाला व्यक्ति कह रहा है कि फसल मेरी है !! तो फसल तो खेत मालिक की ही रहेगी !! बुआई  करने वाला व्यक्ति चाहे तो मजदूरी ले ले !! परन्तु फसल पर अधिकार तो खेत मालिक का ही रहेगा ।।

(2) उस पुरूष ने कहा - मै एक रोज सैर करने गया , सड़क पर मुझे एक खाली डिब्बी पड़ी मिली , मैने इधर उधर देखा - मुझे कोई डिब्बी का मालिक दिखाई न दिया , डिब्बी सुन्दर थी ! 

मैने डिब्बी उठा ली तथा अपने जेब से एक हीरा निकाल कर डिब्बी मे रख दिया , दूसरे दिन मुझे एक आदमी मिला , वह कहने लगा यह डिब्बी तो मेरी है !! मैने डिब्बी मे से हीरा निकाल कर अपने पास रख लिया और डिब्बी उसके मालिक को लौटा दी , अब वह आदमी कहता है कि हीरा भी मुझे दो !! हीरा तो मैने रखा था तो हीरा तो मै ही रखूँगा, उसकी डिब्बी मै वापस देने को तैयार हूँ पर हीरे का मालिक तो मै ही हूँ!!

(3) पत्नी ने कहा - जब मेरी शादी हुई तो मेरे पिता ने एक भैंस दी थी , भैंस दूध देती थी , एक दिन मेरे पास जामन  नही था 

( दूध को जमाकर दही बनाकर घी निकालने के लिए दूध में थोड़ा सा दही डालना पडता है उसे जामन कहते हैं)

मैने एक पड़ौसी से माँगकर जामन ले लिया तथा दूध जमा लिया फिर मैने उस दही की देखभाल की तथा मथ कर घी निकाला ! अब वह जामन देने वाला कह रहा है कि घी मेरा है !! घी तो उस का ही रहेगा जिसका दूध था !! जरा सा जामन दे देने से घी उसका कैसे हो सकता है ? वह चाहे तो जामन के पैसे ले ले ?? 

तीनों के अपने अपने किस्से व तर्क थे , तीनों की बात सुनकर न्यायाधीश महोदय ने सन्यास ले लिया ।

अब पुत्र किसे मिलना चाहिये ? यह विचार पाठक गण करे , 

इससे आगे की कहानी अगले अंक में  - - - 




 


Sunday, September 27, 2020

मनुष्य शरीर ब्रह्माण्ड से जुड़ा हुआ है

 मनुष्य शरीर ब्रह्माण्ड से जुड़ा हुआ है , यह बात श्रीकृष्ण ने अर्जुन को बताई थी , वही विराट रूप का रहस्य है । मनुष्य की सांस सांस ब्रह्माण्ड से जुड़ी है ।

मनुष्य की नाक में दो छेद हैं परन्तु वह दोनों छेद से एक साथ सांस नही लेता ! एक घंटा दाहिना स्वर चलता हैं बांया बन्द रहता है , फिर एक घंटा बांया स्वर चलता है दाहिना बन्द रहता है ।

प्रातःकाल सूर्योदय के समय 3 दिन दाहिना स्वर चलता है और 3 दिन बांया स्वर चलता है ।

यदि कोई तिथि क्षय हो जाती है जैसे दूज और तीज इकट्ठी हो गई तो तीन तिथि 2 दिन मे ही पूरी हो गई , तब वह स्वर दो दिन में ही बदल जायगा और कभी कोई तिथि दो दिन रहती है तो तीन तिथि 4 दिन की हो जाती है तब स्वर 4 दिन में बदलता है ।

सोचो कितनी व्यवस्थित और सैद्धान्तिक है - हमारी पंचांग और हमारा तिथि विधान !

  रामचरितमानस बहुत पुण्य देने वाला ग्रंथ है, प्रतिदिन जितना हो सके उतना इसका पठन करना चाहिए, यह सब शंकाओं का समाधान करता है तथा अंत मे मोक्ष...